कई धार्मिक, सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए
Deoli News 24 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आर्यिका स्वस्तिभूषण के सानिध्य में शहर के पटेल नगर स्थित श्रीपार्श्वनाथ जैन मंदिर में दो दिवसीय रजत जयंती महोत्सव समारोहपूर्वक मनाया गया। इससे पहले मंगलवार रात धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रतिभा सम्मान आयोजित हुआ।

पटेल नगर जैन मंदिर के मीडिया प्रभारी राजीव जैन ने बताया कि बुधवार सुबह सकल जैन समाज के तत्वाधान मंदिर से श्रीजी की रथ यात्रा व विशाल शोभायात्रा बैंडबाजे व महिला घोष के साथ निकाली गई। मार्ग में आर्यिका संघ का कई जगह पाद पक्षालन किया। इस दौरान महावीर मंदिर में आयोजित धर्मसभा में आर्यिका स्वस्तिभूषण ने कहा कि मनुष्य उसके गुण ही उसे भगवान बनाते है। यह काम अन्य जीव में नही होते। आर्यिका ने कहा कि हर फल में बीज आता है। यह प्रकृति है, जो परंपरा को बढ़ाने के लिए बीज साथ लाती है। इसी तरह जीव जंतु व मनुष्य भी है। जिसको जैसे संस्कार मिलेंगे, वैसा ही बीज तैयार होगा। जैन संस्कारों में पल बढ़कर भक्त भगवान बना जाता है। यही आत्मकल्याण की अंतिम सीढ़ी मोक्ष है। धर्मसभा में पादपक्षालन, शास्त्र भेंट, वस्त्र भेंट, चित्र अनावरण, दीप प्रज्ज्वलन किया गया।
इससे पूर्व पटेलनगर मंदिर में आर्यिका ससंघ के सानिध्य में अभिषेक शांतिधारा हुई। बाद में श्रीजी की रथ व विशाल शोभायात्रा मुख्य बाजार होकर निकाली गई। जिसमें सकल जैन समाज, महिला व नवयुवक मंडल भजनों पर नाचते चल रहे थे। मंदिर में दोपहर को पार्श्वनाथ विधान संगीतमय पूजा के साथ किया गया। जानकारी के अनुसार पाद प्रक्षालन संजय कुमार, निर्मल कुमार, अक्षत कुमार काला ने किया। वहीं भीमराज जैन, मनोज कुमार जैन ने शास्त्र भेंट किया तथा सोहनलाल महावीर प्रसाद गोधा ने वस्त्र भेंट किया। दीप प्रज्जवलन हुकुम चंद सेठी ने किया।
शोभायात्रा पुनः पटेल नगर मंदिर पहुंची, जहां पर विधान मंडल का आयोजन किया गया। इसके बाद आर्यिका ने ससंघ जहाजपुर के लिए विहार किया। बुधवार को आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी का रात्रि विश्राम अमरवासी में हुआ।


