Deoli News 26 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में पिछले कई दिनों से ममता सर्कल, नेहरू मार्केट समेत क्षेत्र में बिजली की लाइनों के अंडरग्राउंड किए जाने का काम चल रहा है। वही एक सुविधा जुटाने के प्रयास में दूसरी असुविधा लोगों को हो रही है।
जहां अंडरग्राउंड काम के दौरान जलदाय विभाग की आपूर्ति लाइने क्षतिग्रस्त हो रही है। जिससे लोगों को गंदा पानी मिल रहा है। ऐसी शिकायत शनिवार को नगर पालिका के वार्ड नं 6 माल मोहल्ला इलाके से आई। लोगों ने बताया कि यहां दो-तीन दिनों से लगातार नालों से गंदा पानी आ रहा है। उन्होंने पीएचईडी विभाग को भी शिकायत की है। मामले में कनिष्ठ अभियंता हिना का कहना है कि शहर के नेहरू मार्केट, बंगाली कॉलोनी, छतरी चौराहा एवं चर्च रोड सहित क्षेत्र में इलेक्ट्रिक अंडरग्राउंड लाइट बिछाने का काम चल रहा है। कई बार ड्रिल बिट डीप चले जाने की वजह से लाइन क्षतिग्रस्त हो जाती है। पूर्व में भी ममता सर्कल क्षेत्र पर आधा दर्जन बड़े लीकेज सामने आए थे। जिन्हें दुरुस्त कर दिया गया है। माल मोहल्ला की शिकायत नहीं मिली है। यदि ऐसा है तो लीकेज मरम्मत करवाते हैं। उन्होंने विद्युत निगम के अभियंताओं को सावधानी पूर्वक अंडरग्राउंड लाइन बिछाने का काम करने की बात कही है।



