बच्चे को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
Deoli News 12 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राष्ट्रीय राजमार्ग जयपुर पर रविवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ, जब ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर को एस्कॉर्ट कर रही पुलिस की एक बोलेरो कार गोपीपुरा के समीप पलट गई।

यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब एस्कॉर्ट वाहन के सामने डिवाइडर से अचानक एक 5 वर्षीय बच्चा सामने आ गया। बच्चे को बचाने के प्रयास में पुलिस जीप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में तीन पुलिसकर्मी, जीप चालक व्यक्ति और 5 वर्षीय बच्चा (हिमांशु) घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और देवली चिकित्सालय पहुंचाया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल गोपीपुरा निवासी 5 वर्षीय हिमांशु धाकड़ पुत्र शिशुपाल धाकड़ को प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए कोटा रेफर कर दिया गया है। देवली चिकित्सालय में डॉ. नंदकिशोर मीणा ने अन्य घायलों का उपचार किया। घायलों में सहायक उप निरीक्षक मुंशीराम पुत्र जवाहर जाट (निवासी वजीरपुरा) थाना सदर टोंक, जीप चालक मनराज गुर्जर (चालक, विद्युत विभाग, टोंक) के साथ पुलिसकर्मी रामदयाल पुत्र कैलाश जाट (निवासी चौगाई) थाना पीपलू और रामदयाल पुत्र गंगाराम जाट (निवासी शिवाड़) थाना चौथ का बरवाड़ा सवाईमाधोपुर है।
सहायक उप निरीक्षक मुंशीराम को दाहिने घुटने, जाँघ और कोहनी पर चोटें आई हैं। बताया गया है कि दुर्घटनाग्रस्त पुलिस वाहन मंत्री की कार के ठीक पीछे चल रहा था, लेकिन हादसे के बाद भी ऊर्जा मंत्री अपने काफिले के साथ बिना रुके जयपुर की ओर चले गए। इस पुलिस एस्कॉर्ट कार ने ऊर्जा मंत्री को हनुमान नगर थाने के समीप से रिसीव किया और जयपुर बॉर्डर तक छोड़ना था।



