Deoli News 3 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। पहली कार्रवाई में देवली थाना पुलिस ने अवैध मत्स्य शिकार और तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए करीब 170 किलो मृत मछलियों से भरी पिकअप जब्त की है।
रविवार को गावंडी क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप चालक पुलिस को देखकर वाहन भगा ले गया और सीतापुरा रोड पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। तलाशी में सात थर्माकोल कार्टनों से विभिन्न प्रजातियों की करीब 160 से 170 किलोग्राम मृत मछलियां बरामद हुईं, जिनका शिकार प्रजनन काल के दौरान बिना अनुमति के किया गया था। पुलिस ने मत्स्य अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। दूसरी कार्रवाई में देवली पुलिस ने सोमवार को बाइक चोरी का खुलासा किया है।
दरअसल परिवादी काना ग्वाला पुत्र महेन्द्र ग्वाला निवासी देवली द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि डिबोक होटल कोटा रोड के पास खड़ी उसकी हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल अज्ञात व्यक्ति चुरा ले गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्ण कुमार पुत्र प्रेमलाल, निवासी कल्याणपुरा थाना उनियारा को डिटेन किया। पूछताछ में आरोपी ने स्मैक की लत और मौज-मस्ती के लिए चोरी करना कबूल किया, जिसकी निशानदेही पर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।



