अधूरी सड़क पर टोल वसूली जारी, स्टेट हाईवे-134 की गुणवत्ता पर उठे सवाल
Jahazpur News 4 अगस्त (मोहम्मद आज़ाद नेब) जहाजपुर–देवली के बीच निर्माणाधीन स्टेट हाईवे-134 पर करोड़ों रुपए की लागत से बन रही सड़क का निर्माण पूरा होने से पहले ही जगह-जगह उखड़ने लगा है।
हाल ही में किए गए डामरीकरण की परत निकलने और गिट्टियां बिखरने से निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। यह सड़क मानों डबल रोटी की तरह फूल गई है। वहीं अधूरी सड़क होने के बावजूद वाहन चालकों से टोल वसूली लगातार जारी है। करीब एक माह पहले दोबारा शुरू हुए निर्माण कार्य का स्थानीय विधायक गोपीचंद मीणा ने भी निरीक्षण किया था, लेकिन जिस हिस्से पर हाल ही में डामर बिछाया गया था, वहीं अब सड़क टूटने लगी है। इसे लेकर स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में नाराजगी है। कांग्रेस नेता बाबूलाल खटीक ने निर्माण में लापरवाही और देरी का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है।
वहीं आरएसआरडीसी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ऋषि कुमार ने कहा कि अंतिम परत डालने से पहले बारिश होने के कारण सड़क बैठ गई। प्रभावित हिस्से को हटाकर दोबारा निर्माण कराया जा रहा है।


