अवैध स्मैक और 1.18 लाख रुपए नकद के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, रेफर हुई आरोपी
Deoli News 3 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली थाना पुलिस ने शनिवार रात मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वार्ड नंबर 4 बैरवा मोहल्ला निवासी एक महिला को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 8.58 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर और एक लाख 18 हजार 500 रुपए की नकदी बरामद की है।
यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई है। दर्ज प्रकरण के अनुसार थानाधिकारी को गश्त व निगरानी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि बैरवा मोहल्ला देवली में अपने मकान के सामने गली में बैठकर एक महिला स्मैक बेच रही है। सूचना की विश्वसनीयता को पुख्ता मानते हुए पुलिस तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस को देखकर महिला ने भागने और छिपने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उसे घेरकर हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सारदा देवी पत्नी रमेश सांसी उम्र 55 वर्ष बताया, जो मूल रूप से पोल्याड़ा, थाना दूनी की रहने वाली है और वर्तमान में देवली के बैरवा मोहल्ला में रह रही है। तलाशी के दौरान महिला के पास से स्मैक के अलावा नकदी और 3 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए गए। नियमानुसार स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए जब्ती और गिरफ्तारी की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
जब्ती के बाद महिला की तबीयत अचानक खराब होने पर उसे तुरंत उपजिला अस्पताल देवली में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार कराया गया। पुलिस ने आरोपी महिला सारदा देवी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जिसका अनुसंधान उप निरीक्षक व नासिरदा थाना प्रभारी रोडूराम द्वारा किया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग संलिप्त हैं तथा स्मैक की यह खेप कहां से लाई गई थी।



