Deoli News 3 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आगामी नगर पालिका एवं पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को उपखंड अधिकारी कार्यालय में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एवं उपखंड अधिकारी रूबी अंसार की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था तथा संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत करने और मतदान प्रक्रिया को निर्बाध रूप से कराने पर विस्तृत चर्चा हुई। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए वहां अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की रणनीति तैयार की गई। वहीं मतदान दिवस पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त, सतत निगरानी तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक हेमराज मूंड, देवली थाना प्रभारी महावीर प्रसाद, दूनी थानाधिकारी बाबूलाल, नासिरदा थानाधिकारी रोडूराम तथा घाड़ थानाधिकारी हरिराम वर्मा उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों की कानून व्यवस्था, चुनावी तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किए गए इंतजामों की जानकारी दी। यहां देवली तहसीलदार, दूनी तहसीलदार, पंचायत समिति के विकास अधिकारी, देवली नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अमरचंद गुर्जर सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।



