Deoli News 2 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के घोसी मोहल्ला स्थित एक किराए के मकान में शनिवार रात महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में रविवार को उसके भाई ने देवली थाना पुलिस को रिपोर्ट दी है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है तथा मामले की जांच जारी है।
देवली थाने के उप निरीक्षक महावीर प्रसाद एवं सहायक उप निरीक्षक गोपाल सिंह के अनुसार मृतका के बड़े भाई इलियास पुत्र शौकत खान निवासी राजमहल ने रिपोर्ट देकर बताया कि उसकी छोटी बहन मोहसिना पत्नी सलीम मुसलमान निवासी राजमहल वर्तमान में देवली के घोसी मोहल्ला स्थित एक मकान में किराए से रह रही थी। शनिवार को उसकी अपने कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना के बाद मृतका के पांच वर्षीय पुत्र को उसके मामा अपने कोटा रोड स्थित मकान पर ले गए। घटना की सूचना भी मृतका के मामा ने ही थाना पुलिस को दी थी।
इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मेडिकल बोर्ड से जुड़े चिकित्सकों के अनुसार मृतका के शरीर पर किसी प्रकार के चोट अथवा संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम के दौरान आवश्यक सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। मामले की जांच जारी है। अनुमान, तबीयत बिगड़कर मौत होने का भी लगाया जा रहा है।



