Deoli News 17 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) यौमे आशूरा को पैगम्बर ए कायनात हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के दोनों नवासों हज़रत इमाम हसन हुसैन की शहादत के पर्व मोहर्रम पर बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों से ताजिए निकाले गए।
समाज के प्रवक्ता मोहम्मद इदरीश ने बताया कि शहर के एजेंसी एरिया के इमाम बाड़ा से, कुरैशी मोहल्ला, जामा मस्जिद के इलाके भिश्ती मोहल्ले, बंगाली कॉलोनी, प्रताप नगर आदि क्षेत्रों के ताजियों के साथ करीब एक दर्जन छोटे ताजिए निकाले गए। इन सभी ताजियों का छतरी चौराहे पर मिलन हुआ। इस अवसर पर मुस्लिम समाज के उस्ताद व नोजवानों ने हैरतअंगेज करतब दिखाते हुए अखाड़े का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम समाज के पदाधिकारियों द्वारा देवली उपखंड अधिकारी दुर्गाप्रसाद मीणा, पुलिस उपअधीक्षक रामसिंह जाट और थानाधिकारी राजकुमार नायक की दस्तारबंदी कर स्वागत किया गया। शाम को ऊंचा ग्राम स्थित कर्बला में गमगीन माहौल में ताजियों को सुपर्दे खाक किया गया। मोहर्रम के मौके पर महाराणा प्रताप चौराहे पर मुस्लिम समाज के युवाओं ने दरगाह के बाहर स्टॉल लगाकर राहगीरों को ठण्डा, मीठा शर्बत पिलाया। नासिरदा में भी मोहर्रम पर ताजिए निकाले गए। मोहर्रम के मौके पर शहर के पेट्रोल पंप स्थित दरगाह पर मुस्लिम समाज के लोगों ने मीठे शरबत की छबीली लगाई तथा राहगीरों को मीठा शरबत पिलाया।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिहाज से अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात था। जिन लोगों ने रोजा रखा, उन्होंने नमाज के साथ रोजा खोला। वही गरीब व जरूरतमंदों को भोजन कराया गया।


