रोगियों को मिलेगी राहत, पूरा वार्ड होगा वातानुकूलित
Deoli News 13 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजकीय चिकित्सालय देवली में काफी वक्त से चल रही वार्डो में एसी लगाने की योजना अब सफल होने जा रही है। चिकित्सालय भवन के लिए 16 नए एसी आए हैं। जिन्हें लगाने का काम शुरू हो चुका है।
चिकित्सालय की जानकारी के अनुसार करीब 9 लाख़ रुपए की लागत से गोदरेज कंपनी के 16 एयर कंडीशनर खरीदे गए हैं, जो चिकित्सालय को प्राप्त हो चुके हैं। वही एसी लगाने का काम भी शुरू हो चुका है। बताया गया कि इनमें चार एसी नीचे के जनरल वार्ड में लगाए जा रहे हैं। इसी तरह ऊपर के मेल वार्ड में चार, जेएसवाय में तीन, ऊपर फीमेल वार्ड में एक एसी लगाया जा रहा है। इसी प्रकार लेबर रूम, एएनसी वार्ड, एक्स रे रूम समेत जगहों पर एक-एक एसी लगाया जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि पूर्व में प्रथम तल पर स्थित महिला वार्ड में एसी लगाया जा चुका है। लेकिन अब पूरे वार्ड में एयर कंडीशनर लगाए जा रहे हैं। जिससे यहां भर्ती होने वाले रोगियों को उमस व गर्मी से राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि हर बार बारिश के दौरान उमस व गर्मी से वार्डों में भर्ती रोगी व उनके परिजनों की हालत खराब हो जाती है। ऐसे में एयर कंडीशनर लगने से लोगों को सुविधा होगी। चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. राजकुमार गुप्ता का कहना है कि एसी प्राप्त हो चुके हैं। जिन्हें लगाने का काम शुरू हो गया है।


