Deoli News 6 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली में राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर तालुका विधिक सेवा समिति देवली द्वारा मंगलवार को बैठक आयोजित की गई। यहां बताया कि यह राष्ट्रीय लोक अदालत आगामी 10 मई को होगी।
विधिक सेवा समिति सचिव देवली बृजमोहन शर्मा ने बताया कि इस तैयारी बैठक की अध्यक्षता दिनेश जलूथरिया सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश टोंक ने की। बैठक में सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पक्षकारों से प्रतिदिन प्रि-कांउसलिंग करें और राजीनाम योग्य प्रकरणों धन वसूली, भरण पोषण, राजीनामा योग्य फौजदारी प्रकरण, धारा 138 परक्राम्य विलेख, दीवानी वाद, इजराय, एमएसीटी प्रकरण, वैवाहिक विवाद (तलाक को छोड़कर) आदि को लोक अदालत में रखने और पक्षकारों को नोटिस जारी करने के लिए निर्देश दिए।
न्यायालयों से लोक अदालत के लिए पक्षकारों को जारी किए जाने वाले नोटिसों की तामिल सुनिश्चित करने और लोक अदालत की भावना से पक्षकारों के मध्य समझाईश करवाकर अधिकाधिक प्रकरणों का निस्तारण के लिए निर्देशित किया गया। इस दौरान महावीर महावर अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश कैम्प कोर्ट, अभिलाषा जेफ सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट, हर्ष मीणा न्यायाधीश ग्राम न्यायालय और रामधन चौधरी अध्यक्ष अभिभाषक संघ देवली उपस्थित थे।



