Deoli News 13 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के जयपुर रोड पर रविवार शाम करीब 4 बजे एक लोक परिवहन बस के परिचालक व चालक के साथ मारपीट और लूटपाट की घटना सामने आई है।
इसे लेकर परिचालक ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। रिपोर्ट में पीड़ित परिचालक रेहान खान पुत्र रहुप खान निवासी पांच बत्ती टोंक ने बताया कि रविवार को टोंक से देवली आ रही उनकी बस को गोविन्दा होटल के सामने अज्ञात 8 से 10 लोगों ने रोक लिया और उनके साथ मारपीट की। यह लोग इनोवा कार में आए थे। जिनके पास लाठियां और धारदार हथियार, डंडे थे। आरोप है कि आरोपियों ने बस की बुकिंग से प्राप्त 20-25 हजार रुपए नकद लूट लिए और बस के साथ तोड़फोड़ भी की।
इस दौरान बदमाशों ने कंडक्टर का आईफोन तोड़ दिया गया। जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपए है। पीड़ित कंडक्टर रेहान खान ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। जानकारी के अनुसार यह विवाद बस में सीट पर बैठने को लेकर हो सकता है।



