ग्रामीणों की परेशानी
Deoli News 24 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली गांव की इंद्रपुरा कॉलोनी में श्मशान घाट न होने के कारण एक महिला का अंतिम संस्कार सड़क किनारे करना पड़ा। इससे स्थानीय ग्रामीणों में रोष है।
ग्रामीणों ने बताया कि लादी देवी पत्नी रघुनाथ मीणा का निधन शनिवार रात 10 बजे हो गया था। रविवार सुबह 9 बजे उनका अंतिम संस्कार देवली-केकड़ी रोड पर कासीर मोड़ के पास किया गया। बताया गया कि पहले दाह संस्कार देवली गांव की ‘राड़ की नाड़ी’ में होता था, लेकिन वहां बारिश का पानी भर जाने से वह जगह अनुपयोगी हो गई है। लिहाजा ग्रामीणों को सड़क पर ही अंतिम संस्कार करना पड़ा। यहां से गुजरने वाले लोग अंतिम संस्कार देखते हुए जा रहे थे। पंचायत समिति देवली सदस्य रामसिंह मीणा ने बताया कि वे लंबे समय से श्मशान भूमि के लिए एसडीओं और नगर पालिका से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
ग्रामीण अंबालाल मीणा, गोपाललाल मीणा और विजयलाल मीणा सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से श्मशान घाट की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में अंतिम संस्कार के लिए ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।


