जीवन व लीलाओं की मिलेगी जानकारी
Deoli News 17 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजस्थान सरकार के राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण द्वारा निर्मित श्रीधन्ना भगत पेनोरमा धुवाकंला 16 जुलाई से आमजन के लिए दर्शनार्थ खोल दिया गया है।
नायब तहसीलदार रामदेव धाकड़ ने बताया कि उक्त पेनोरमा का संचालन उपखण्ड अधिकारी देवली की अध्यक्षता में उपखण्ड स्तरीय पर्यटन विकास समिति द्वारा किया जा रहा है। शुरुआत में विद्यार्थियों के लिए पेनोरमा में प्रवेश निःशुल्क किया गया है। वहीं आमजन के लिए 10 रूपए का अल्प शुल्क रखा गया है। उक्त पेनोरमा में भगत शिरोमणि श्रीधन्ना भगत की जीवन लीलाओं एवं भक्ति भाव का सचित्र व मूर्तियों द्वारा वर्णन किया गया है। पेनोरमा में दर्शन से लोगों को भक्त धन्ना द्वारा दी गई शिक्षा एवं भक्ति भाव तथा कृष्ण प्रेम की अनुभूति होती है। गौरतलब है कि इस पेनोरमा का शिलान्यास तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे द्वारा किया गया था। बाबा लख्खा सिंह गुरूद्वारा कोटा एवं बाबा शेर सिंह गुरूद्वारा धुवाकंला द्वारा एक हैक्टेयर (4 बीघा) भूमि श्रीधन्ना भगत पेनोरमा निर्माण के लिए राजस्थान सरकार को निःशुल्क दान दी थी।
धन्ना भगत मंदिर एवं गुरूद्वारे के पास कोई सरकारी भूमि उपलब्ध नही थी। वर्तमान में पेनोरमा के नाम आवंटित भूमि कला संस्कृति विभाग राजस्थान सरकार के नाम दर्ज है। बाबा शेर सिह द्वारा पेनोरमा विकास के लिए काफी सहयोग किया है।


