Deoli News 2 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर से सटे ऊंचा निवासी एक व्यक्ति ने सोमवार को हनुमान नगर थाने में रिपोर्ट देकर एक ट्रेलर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट में पीड़ित शिवराज पुत्र मोतीलाल मीणा ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ प्रतिदिन ऊंचा स्थित गुरुकुल स्कूल के समीप सब्जी का ठेला लगाकर जीवन व्यापन करता है। सोमवार दोपहर एक से डेढ़ बजे करीब एक ट्रेलर देवली की ओर से आया। जिसने लापरवाहीपूर्वक उनके सब्जी की ठेले को टक्कर मार दी। इससे ठेले की सारी सब्जियों बिखर गई तथा उसे नुकसान हुआ है। वहीं चालक ट्रेलर लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने ट्रेलर चालक का बायपास तक पीछा भी किया। लेकिन वह सावर की ओर चला गया। पीड़ित ने बताया कि हादसे के वक्त वह सरसों की पिलाई कर रहा था। जबकि सब्जी के ठेले पर उसकी पत्नी थी।



