Deoli News 8 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) समीप के भीलवाड़ा जिले के हनुमान नगर क्षेत्र को शीघ्र ही नई ग्राम पंचायत का दर्जा मिलने वाला है। इसी के साथ ऊंचा ग्राम पंचायत का खेमा का खेड़ा गांव भी नई ग्राम पंचायत बनेगा।
प्रशासनिक सूचना के अनुसार कुंचलवाड़ा कला पंचायत से हनुमान नगर क्षेत्र को अलग कर टीकड़ ग्राम पंचायत के केसरपुरा गांव को मिलाकर कुंचलवाड़ा को पुनर्गठित पंचायत बनाया जाएगा। इसी प्रकार हनुमान नगर क्षेत्र में कुंचलवाड़ा रोड, कोटा रोड, ज्योति कॉलोनी, श्याम नगर को मिलाकर अलग पंचायत बनाई गई है।
खेमा का खेड़ा गांव में मोरला, खेमा का खेड़ा, हरिपुरा, हामपुर व कुंचलवाडा खुर्द गांव को मिलाकर खेमा का खेड़ा नाम से नई पंचायत अस्तित्व में आएगी। नवगठित हनुमान नगर पंचायत की अब 3 हजार 861 आबादी हो जाएगी। इसी प्रकार टीकड़ ग्राम पंचायत में सिर्फ टीकड़ गांव ही रहेगा, जिसकी आबादी 3466 होगी। इन दोनों ग्राम पंचायत को लेकर जिला कलक्टर भीलवाड़ा ने सूचना जारी की है और एक माह की अवधि के भीतर आपत्तियां मांगी गई है। लिहाजा यह प्रस्ताव पारित होने के बाद हनुमान नगर नई ग्राम पंचायत का रूप लेगा।



