बीती रात कोटा रोड स्थित मैरिज गार्डन में हुई वारदात
Deoli News 12 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के कोटा रोड स्थित मैरिज गार्डन में चल रहे शादी समारोह के दौरान एक युवक 6 लाख से भरा बैग लेकर फरार हो गया। उक्त घटना वीडियो फुटेज में दिखाई दे रही है, हालांकि युवक का चेहरा स्पष्ट नहीं दिख रहा है।
शादी समारोह में आए पीड़ित महावीर मुंदड़ा के भतीजे राकेश कुमार ने बताया कि दूल्हा-दुल्हन दोनों के परिवार देवली उपखंड के घाड़ निवासी हैं। दुल्हन आंचल के पिता महावीर मूंदड़ा ने अपना घर देवली रिको में बना रखा है तथा दुल्हे आयुष के पिता प्रेमचन्द तोतला घाड़ में ही रहते हैं। दोनों परिवारों ने शादी के लिए मैरिज गार्डन रामेश्वरम एवं कानगढ़ होटल को बुक करवाया। इसमें दुल्हन और दूल्हे के दोनों ओर परिजन रुके हुए थे। देवली माहेश्वरी समाज के महामंत्री ओमप्रकाश मालू ने बताया कि देवली में होने वाली शादी के लिए समाज द्वारा दूल्हे एवं दुल्हन के परिजनों को एक-एक प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। गुरुवार रात करीब 10 बजे देवली समाज के लोगों द्वारा जब दुल्हा, दुल्हन के परिजनों को स्टेज पर बुलाकर प्रशस्ति पत्र दिया जा रहा था।
इसी दौरान दुल्हन के ताऊजी सत्यनारायण मुंदड़ा ने अपने हाथ में पकड़ा बैग महावीर मुंदड़ा को सौप दिया। प्रशस्ति पत्र लेने के दौरान महावीर मूंदड़ा ने यह बैग कुर्सी पर रख दिया। इसी का फायदा उठाकर कुर्सी के पीछे खड़ा लड़का बैग लेकर फरार हो गया। महावीर मूंदड़ा ने बताया कि बैग के अंदर 6 लाख रुपए के साथ ही दुल्हन को मिले नकद उपहार एवं मेहमानों को देने के लिए नकद गिफ्ट रखे हुए थे। बैग गायब मिलते ही परिजनों के होश उड़ गए तथा परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर हनुमान नगर पुलिस ने पहुंचकर वारदात की जानकारी ली।



