कैबिनेट मंत्रियों के नेतृत्व में हुई संगठन की बैठक
Deoli News 21 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली-उनियारा विधानसभा में आगामी उपचुनाव की तैयारियों को लेकर सोमवार शाम जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर के नेतृत्व में भाजपा संगठन की बैठक हुई। बैठक में जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी सहित विधानसभा क्षेत्र में लगाए गए 6 प्रभारी विधायक शामिल हुए।
जिलाध्यक्ष अजीत सिंह मेहता ने बताया कि विधानसभा उपचुनाव की तैयारी को लेकर भाजपा संगठन की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर, जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी सहित विधानसभा क्षेत्र में लगाए प्रभारी केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम, निवाई विधायक रामसहाय वर्मा, माण्डल विधायक उदयलाल भडाणा, किशनगंज विधायक ललित मीणा, चाकसू विधायक रामावतार बैरवा, मसूदा विधायक वीरेन्द्र सिंह कानावत सहित सभी मण्डल अध्यक्ष व विस्तारक मौजूद रहे। इस दौरान आगामी बूथ स्तर तक मजबूती बनाने, आगामी 24 अक्टूबर को भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र गुर्जर के नामांकन भरे जाने की तैयारी सहित मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के स्वागत की तैयारी पर भी चर्चा की। यह बैठक गोपनीय रखी गई। इसमें विधानसभा क्षेत्र के सात मंडल अध्यक्ष, विस्तारक आदि शामिल हुए। बैठक में वही कार्यकर्ता शामिल हुए, जो अपेक्षित थे। जबकि शेष को दूर रखा गया। बैठक में वक्ताओं ने एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशी को जिताने की बात कही। इसके अलावा प्रत्याशी घोषित होने के बाद आ रही मनमुटाव की खबरों को लेकर भी बातचीत हुई। सूत्रों के अनुसार सही मायने में यह बैठक डैमेज कंट्रोल को लेकर भी हुई। लगातार दो बार हार का सामना कर चुकी भाजपा इस बार पूरी तैयारी के साथ चुनाव लड़ रही है। वही पार्टी पदाधिकारी इस बार कोई जोखिम नहीं लेना चाहते। खासकर पार्टी की नजर भीतरघात पर ज्यादा रहेगी।
बातचीत के बाद पानी की टंकी से उतरे युवक
उधर, नासिरदा गांव में भाजपा नेता विजय सिंह बैंसला को टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर पानी की टंकी पर चढ़े दो युवकों को करीब डेढ़ घंटे के बाद समझाईश कर उतार लिया गया। जानकारी के अनुसार पुलिस, भाजपा कार्यकर्ता व ग्रामीणों के समझाने के बाद यह दोनों उतर गए। वहीं बाद में देवली डीएसपी रामसिंह भी नासिरदा पहुंचे और मामले की जानकारी ली।


