“सुधार के दिए निर्देश”
Deoli News 22 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) सम्प्रेषण एवं किशोर गृह समिति टोंक के अध्यक्ष दिनेश कुमार जलुथरिया अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टोंक ने बुधवार को आम्रपाली प्रशिक्षण संस्थान एवं मानव धर्म सेवा संस्थान विमंदित मानसिक पुनर्वास गृह देवली का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के समय न्यायाधीश द्वारा व्यवस्थाओं को देखा गया। जिसमें कई अव्यवस्थाएं पाई गई। शयनकक्ष में रजाई-गद्दों, बिस्तरों में नमी पाई गई। जिसके लिए न्यायाधीश द्वारा उपस्थित हेमराज गुर्जर को रजाई-गद्दों, बिस्तरों आदि को समय-समय पर धूप में रखने अथवा हीट ब्लॉअर से उसकी नमी दूर कराने की बात कही। स्नानगृह से तीव्र दुर्गंध आना निरीक्षण में पाया गया। जिसके संबंध में न्यायाधीश द्वारा उपस्थित स्टाफ अथवा कर्मचारी को बालगृह को साफ-सुथरा रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान 17 बालकों का विद्यालय में जाना जाहिर किया गया एवं एक बालक का अस्वस्थ पाया गया। जिसके उचित देखरेख के लिए केयरटेकर कालूराम गुर्जर को चिकित्सकीय परामर्श द्वारा दवाइयाँ एवं उचित उपचार के लिए निर्देशित किया।
इसी तरह देवली स्थित विमंदित गृह का भी औचक निरीक्षण किया गया। जिसमें 44 विमंदित बालक उपस्थित पाए गए। उपस्थित सुपरवाईजर आशा शर्मा को मौसमानुकूल डाईटचार्ट बनाने एवं सर्दी से बचाव के लिए गर्म वस्त्रों पहनाने को कहा।


