12 नई पंचायतों का होगा गठन
Jahazpur News 8 अप्रैल (मोहम्मद आज़ाद नेब) जहाजपुर पंचायत समिति के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा परिवर्तन प्रस्तावित है। जिला कलक्टर जसप्रीत सिंह संधू द्वारा जारी प्रस्ताव के अनुसार, अब जहाजपुर पंचायत समिति में कुल 34 ग्राम पंचायतें शामिल होंगी, जिनमें से 12 पंचायतों का नवसृजन किया जाएगा।
जबकि 12 नई ग्राम पंचायतें बनेंगी। प्रस्ताव के अनुसार, नई बनने वाली पंचायतों में धांधोला, कालाभाटा, रूणिया बरड़ा, लुहारीकंला द्वितीय, खेमाका खेड़ा, हनुमान नगर, जालमपुरा, जीरा, ठिठोड़ा माफी, गुलाबपुरा, कंजर कॉलोनी और सरसिया चारणान शामिल हैं। ये पंचायतें क्षेत्र की प्रशासनिक सुविधा और स्थानीय जनसंख्या की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए गठित की जा रही हैं।
कई पुरानी पंचायतों का होगा पुनर्गठन
साथ ही कुराड़िया, धुंवाला, गांगीथला, अमरवाणी, सरसिया, ईटूंदा, लुहारी कंला, गाडोली, ऊंचा, कुचलवाड़ा कंला, टीकड़, पंडेर, रावतखेड़ा, बिहाड़ा, गंधेर, टीठोडी, जामोली, रोंपा, फलासिया, बावड़ी, भरणीकंला और बागुदार ग्राम पंचायतों का पुनर्गठन किया गया है।

आपत्तियों के लिए 6 मई तक का समय
राज्य सरकार की अधिसूचना के तहत पंचायती राज अधिनियम 1994 की धाराओं में प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए यह प्रस्ताव जारी किया गया है। सार्वजनिक सूचना के रूप में प्रकाशित इस प्रस्ताव पर कोई भी व्यक्ति आगामी 6 मई तक अपनी आपत्तियां संबंधित उपखंड अधिकारी, तहसीलदार अथवा जिला कलक्टर कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है।



