कक्षा 8वीं से मजबूत होगी प्रतियोगी परीक्षाओं की नींव
Deoli News 12 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के जयपुर रोड स्थित एआईपीएस स्कूल में रविवार को आयोजित ओरिएंटेशन प्रोग्राम विद्यालय का एक मील का पत्थर साबित हुआ, जिसमें एआईपीएस स्कूल और आकाश इंस्टीट्यूट कोटा के बीच ‘नॉलेज पार्टनरशिप’ की आधिकारिक घोषणा की गई।
आयोजन में देवली और आसपास के क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में अभिभावकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ आकाश इंस्टीट्यूट के क्षेत्रीय निदेशक अखिलेश दीक्षित, आदर्श इंडियन पब्लिक स्कूल निदेशक मोहित अग्रवाल, संस्थापक सीताराम मंगल, विमला मंगल और प्राचार्य राजेंद्र कौर द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। निदेशक मोहित अग्रवाल ने इस साझेदारी को विद्यार्थियों के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि अब स्कूल स्तर से ही प्रतियोगी परीक्षाओं की नींव मजबूत की जाएगी। उन्होंने बताया कि यहां स्टूडेंट्स को बेसिक स्टडी के साथ कंपटीशन की तैयारी का भी एक बेहतर अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के मुख्य सत्र में आकाश इंस्टीट्यूट के क्षेत्रीय निदेशक अखिलेश दीक्षित ने बताया कि क्लास 8वीं से ही नीट और जेईई जैसी परीक्षाओं के लिए विशेष कक्षाएं शुरू की जाएंगी, ताकि छात्रों का आधार मजबूत हो सके। उन्होंने आकाश इंस्टीट्यूट की शिक्षण पद्धति, अनुभव फैकल्टी, नियमित टेस्ट प्रणाली और परिणाम के बारे में भी जानकारी दी। ‘स्टूडेंट और पेरेंट्स इंटरैक्शन’ सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने अभिभावकों की शंकाओं का समाधान किया और उनकी शिक्षण पद्धति व नियमित टेस्ट प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। वहीं कैरियर मार्गदर्शन भी दिया। प्राचार्य राजेंद्र कौर ने सभी का आभार व्यक्त किया।



