Deoli News 1 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पनवाड़ पंचायत के लोगों में इनदिनों नाराजगी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जलदाय विभाग के ठेकेदार ने पूरे गांव में रोड की खुदाई करके पाइपलाइन तो डाल दी। लेकिन इसे पुनः दुरस्त नहीं किया। वहीं ग्रामीणों के कोई काम नहीं हो रहे हैं।
इससे नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को पंचायत भवन के ताला लगाकर विरोध व्यक्त किया। ग्रामीणों ने बताया कि 3 महीने बीत चुके हैं। रोड को वापस अभी तक सही नहीं किया गया है। जिसके चलते पूरे पनवाड़ में आवागमन बाधित है। इससे दुपहिया वाहन चालक कई बार गिरकर चोटिल हो गए हैं। दूसरी ओर पूर्व उपसरपंच सत्यनारायण माली, वार्ड पंच प्रभुलाल जांगिड़ आदि ने बताया कि सरपंच का कार्यकाल खत्म हो जाने के बाद लगाए गए प्रशासक द्वारा कोई काम नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों की मांग है कि मनरेगा के तहत महिलाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है और बीते 5 वर्षों में ग्राम पंचायत पनवाड़ में एक भी नाली का निर्माण नहीं हुआ है। जिससे नालियों का पूरा कीचड़ रोड पर फैल रहा है। जिससे लोगों को असुविधा हो रही है।
पूर्व उपसरपंच सत्यनारायण माली ने बताया कि नाली निर्माण, सड़क निर्माण, पुलिया निर्माण, मनरेगा के तहत रोजगार और भी कई कार्यो के लिए पंचायत प्रशासन को अवगत करा दिया गया है। लेकिन पंचायत द्वारा कोई सुनवाई नहीं की गई। आरोप लगाया कि आवास प्लस योजना के तहत भी वंचित परिवारों के ऑनलाइन आवेदन पंचायत प्रशासन द्वारा नहीं करवाए जा रहा है। जिससे ग्रामीण भटक रहे हैं। माली समाज धर्मशाला के पीछे वाले रोड को आज भी टूटे हुए कई दिन बीत चुके हैं। ग्रामीणों ने पंचायत पर लापरवाही और अनदेखी की करने का आरोप लगाया है। इस दौरान ग्रामीणों ने पंचायत भवन के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर विरोध व्यक्त किया।



