मोरला चौराहे से सावर मार्ग पर हुआ हादसा
Deoli News 25 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के मोरला चौराहे से सावर मार्ग की ओर बुधवार रात ट्रेलर की टक्कर से स्कूटी सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी युवक घायल हो गया।
सूचना पर हनुमान नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा शव को अधिकार में लेकर रात होने के चलते देवली चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। वहीं घायल को उपचार के लिए भर्ती कराया। हनुमान नगर पुलिस के अनुसार यह हादसा दोनों युवकों के बारला पोल्या गांव से लौटते वक्त हुआ। इस दौरान सामने से आ रहे है ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में अमरवासी थाना हनुमान नगर निवासी मुकेश (19) पुत्र प्रहलाद जाट की मौके पर मौत हो गई। जबकि उसके साथ गए खेमराज पुत्र देवाराम गुर्जर निवासी अमरवासी गंभीर घायल हो गया। जिसे देवली चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घायल का देवली अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक दोनों युवक किसी काम से बारला पोल्या गांव में गए थे। लौटते वक्त यह हादसा पेश आया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद काफी देर तक दोनों युवक सड़क पर पड़े रहे। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। वहीं इस दरमियान वाहनों की लाइन लग गई। इधर, गुरुवार सुबह हनुमान नगर पुलिस ने घायल से घटना की जानकारी ली।
वहीं मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम में जुट गई है। मामले में मृतक के पिता प्रहलाद जाट ने पुलिस में ट्रेलर चालक पर लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए मामले की रिपोर्ट दी है। जवान बेटे को खोने मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के दौरान हनुमान नगर थाना प्रभारी अयूब खां भी अस्पताल में मौजूद थे।
देवली निवासी है महिला, बनास में कूदने वाली मृतका की पहचान हुई



