घर से सुबह घूमने के लिए निकली थी महिला
Deoli News 24 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) सावर मार्ग स्थित नापाकाखेड़ा पुलिया से बुधवार को कूदकर जान देने वाली महिला की पुलिस ने पहचान कर ली है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के मामलों में जुटी है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार सुबह एक महिला ने नापाकाखेड़ा स्थित पुलिया पर खड़े होकर बनास नदी में छलांग लगा दी थी। महिला की डूबने से मौत हो गई। हालांकि इस दरमियान पास में नाव चला रहे कुछ युवकों व किसानों ने उसे बचाने की कोशिश की। लेकिन तब तक महिला ने पानी मे डूबने से दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सुधा कवर पत्नी नरेंद्र सिंह राणावत निवासी राजपूत कॉलोनी देवली है। जिनका गांव धाँधोला (जहाजपुर) है। जानकारी के अनुसार सुधा कवर बुधवार सुबह 5 बजे अपनी दो बेटियों को घर से घूमने की बात कहकर निकली थी। सुधा कवर के 9 व 5 वर्षीय पुत्री है।

बस में बैठकर रवाना हुई नापाकाखेड़ा
घर से निकलने के बाद सुधा बस में बैठकर नापाकाखेड़ा की ओर रवाना हुई। हालांकि स्टॉपेज नहीं होने की वजह से परिचालक ने यहां बस नहीं रोकी तथा यह महिला सावर चली गई। जानकारी में आया कि उक्त महिला को सावर स्थित एक पेट्रोल पंप के करीब पैदल देखा गया था। इसकी पुष्टि आसपास के सीसीटीवी कैमरे में हुई। इसके बाद यह महिला किसी बस में बैठकर वापस नापाकाखेड़ा आ गई। जहां उसने पुलिया से कूद कर अपनी जान दे दी। जबकि पति नरेंद्र सिंह धांधोला जहाजपुर में गए हुए थे। यह उनका गांव है। सुबह काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर बेटियों ने अपने पापा नरेंद्र सिंह को फोन किया। परिजन देवली थाने पहुंचे तथा सुधा कवर के लापता होने की जानकारी दी तो थाने से मालूम चला कि किसी महिला ने बनास नदी पुलिया से कूद कर आत्महत्या की।
महिला की तस्वीर दिखाए जाने पर परिजनों ने इसकी पहचान सुधा कवर के रूप में कर ली। मृतका का पीहर चुरु बताया गया है। जहां से पीहर पक्ष से भाई आने के बाद शव का पोस्टमार्टम होगा। फिलहाल शव को मोर्चरी में बर्फ में लगा दिया गया है। उधर, यदि पीहर से परिजन सूर्य अस्त होने के बाद पहुंचेंगे तो पोस्टमार्टम गुरुवार सुबह ही हो सकेगा।



