नहीं हुआ मामला दर्ज, रोडवेज बस पर हुआ था पथराव
Deoli News 20 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली के सावर मार्ग स्थित धुवाला के करीब सोमवार सुबह रोडवेज बस पर हुई पत्थरबाजी की घटना के बाद चालक व परिचालक की रिपोर्ट दर्ज करने से दोनों ही दोनों थानों ने इनकार कर दिया।
लिहाजा चालक व परिचालक उच्च अधिकारियों के निर्देश पर बस लेकर बूंदी रवाना हो गए। उल्लेखनीय है कि सोमवार सुबह अजमेर से आ रही बूंदी डिपो की बस नापाकाखेड़ा से आगे आ रही थी। इस दौरान कथित तौर पर बस की टक्कर से स्कूटी सवार दो महिला गिर गई, जो घायल हो गई। इससे नाराज कुछ लोगों ने बस का बाइक से पीछा कर देवली मार्ग पर रुकवाया और बस पर पथराव कर दिया। इस दौरान यात्रियों व चालक, परिचालक ने रोडवेज बस अंदर से बंद कर अपना बचाव किया। करीब 20 से 25 मिनट तक यात्री दहशत में रहे। सूचना पर हनुमान नगर थाना पुलिस पहुंची और मामला शांत कराया।
उस दौरान हनुमान नगर थाना पुलिस ने घटनास्थल सावर होने के चलते वहां की पुलिस को सूचना दी। लेकिन जांच करने के बाद सावर थाना पुलिस ने परिचालक राकेश शर्मा को मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया। सावर थाना प्रभारी ने मीडिया कहा कि यह क्षेत्र उनका थाना अधीन नहीं है। वे मामला दर्ज नहीं कर सकते। इसी तरह हनुमान नगर थाना प्रभारी का मीडिया से कहा कि घटना नापाकाखेड़ा गांव की है, जो की सावर थाने के अंतर्गत आता है। सुबह सूचना पर पुलिस ने कानून व्यवस्था के लिहाज से पहुंचकर यात्रियों की सुरक्षा की। वही बाद में सावर पुलिस को सूचना दी है। यह क्षेत्र उनके अधीन नहीं आता है।
लिहाजा दोनों थानों की ओर से इनकार करने के बाद परिचालक राकेश शर्मा एवं चालक रोडवेज बस को बंदी लेकर रवाना हो गए। परिचालक राकेश शर्मा का कहना है कि हनुमान नगर और सावर थाना पुलिस ने मामला दर्ज करने से मना कर दिया। जबकि मौके पर पथराव कर रोडवेज बस के शीशे तोड़े गए और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। वहीं कई मिनट तक हुई पत्थरबाजी से शांतिभंग हुई। लेकिन दोनों थाना पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई तक मुनासिब नहीं समझी।

इधर, स्कूटी से घायल हुई दोनों महिला देवली चिकित्सालय में लाया गया। जिनका उपचार किया गया। वहीं रोडवेज विभाग के अधिकारियों ने उन महिलाओं से बातचीत की और घटना की जानकारी ली।


