Deoli News 3 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर थाना क्षेत्र के चिंताहरण बालाजी तिराहे के पास शनिवार दोपहर एक मिनी ट्रक में भीषण आग लग गई। यह आग ट्रक में लदे खाली थर्मोकोल के बक्सों की वजह से लगी थी, जिसने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया।
हालांकि, ट्रक चालक की त्वरित निर्णय क्षमता और सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा होने से बच गया और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। हनुमान नगर थाने के हेड कांस्टेबल रामराय ने बताया कि देवली थाना क्षेत्र की गोपीपुरा कॉलोनी (ग्राम पंचायत पनवाड़) निवासी नीरज पांचाल अपने मिनी ट्रक के किसी हिस्से की वेल्डिंग करवाने के लिए चिंताहरण बालाजी की ओर आया था। माना जा रहा है कि इस दौरान ट्रक की बैटरी से शॉर्ट सर्किट हुआ। जिससे ट्रक में रखे थर्मोकोल के बक्सों ने आग पकड़ ली।
थर्मोकोल अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग चंद सेकंडों में ही पूरे ट्रक में फैलने लगी। खतरे को भांपते हुए चालक नीरज पांचाल ने घबराने के बजाय तत्काल ट्रक चालू कर डिवाइडर फांदते हुए उसे दूसरी ओर ले गया। वहां पास ही स्थित पानी की मोटर चलाकर पानी की बौछारें डाली गईं, जिससे आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और ट्रक को पूरी तरह जलकर खाक होने से बचा लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही हनुमान नगर थाना पुलिस के हेडकांस्टेबल रामराय मौके पर पहुंचे और प्रत्यक्षदर्शियों एवं चालक से घटनाक्रम की जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि चालक तत्परता से ट्रक को हटाकर पानी का इंतजाम नहीं करता, तो समूचा ट्रक जल सकता था। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जलते हुए ट्रक को देखकर लोग थम गए।



