Deoli News 24 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को पूरे प्रदेशभर में एक चरण में मतदान होगा। अब मतदाता सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान कर सकेंगे।

इसके लिए पूरे विधानसभा क्षेत्र में 296 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 95 बूथ संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। जहां अतिरिक्त जाप्ता रहेगा। वहीं देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 96 हजार 790 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें एक लाख 53 हजार 426 पुरुष व एक लाख 43 हजार 363 महिलाएं व एक मतदाता ट्रांसजेंडर हैं। पिछले चुनाव 2018 की बात करें तो देवली उनियारा विधानसभा क्षेत्र में कुल 71 प्रतिशत मतदान हुआ था। महिलाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग ने इस बार 16 ऐसे बूथ बनाए गए हैं, जहां केवल महिला मतदानकर्मी ही रहेंगी। वहीं एक दिव्यांग मतदान केंद्र भी बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने यहां कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के पुत्र विजय बैंसला को अपना उम्मीदवार बनाया है।
जबकि कांग्रेस ने पायलट गुट के विधायक हरीश चंद्र मीणा पर दांव खेला है। वहीं कांग्रेस से बागी हुए विक्रम सिंह गुर्जर आरएलपी से अपनी ताल ठोक रहे है। इसी के साथ देवली-उनियारा विधानसभा में कुल 14 प्रत्याशी मैदान में है। इधर, मतदान केन्द्रों के लिए पोलिंग पार्टियों अपने गंतव्य पर पहुंच चुकी है। जानकारी के अनुसार सभी मतदान केन्द्रों पर छाया पानी व दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा स्काउट सदस्य भी मौजूद रहेंगे। उल्लेखनीय है कि उपखंड में 164 बूथ बनाए गए हैं। इनमें दो सहायक मतदान केंद्र है। वही 175 मतदान केन्द्रों पर वेब कास्टिंग होगा।



