Deoli News 26 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) सीआईएसएफ आरटीसी देवली परिसर में रविवार को पूर्व सैनिक कल्याण समिति जहाजपुर के तत्वावधान में कारगिल विजय दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों, वीरांगनाओं, वीर माताओं और पूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अतिथि जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा रहे। अध्यक्षता समिति अध्यक्ष भरत सिंह ने की। विशिष्ट अतिथियों में सीआईएसएफ आरटीसी देवली के कमांडेंट मनजीत सिंह, एसबीआई एजेएम बूंदी नवीन, प्रियंका और सुरेश वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर और पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि देकर की गई। इस दौरान वीर माताओं, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों को पुष्पमालाओं व स्मृति-चिन्हों से सम्मानित किया गया। एसबीआई टीम ने पूर्व सैनिकों को हरसंभव सहयोग का विश्वास दिलाया।
मुख्य अतिथि विधायक गोपीचंद मीणा ने पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए कैंटीन एवं ईसीएचएस अस्पताल जैसी सुविधाओं के विस्तार का आश्वासन दिया। कमांडेंट मनजीत सिंह ने सैनिकों के सम्मान को प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व बताया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का दायित्व भारतीय स्टेट बैंक देवली शाखा और सीआईएसएफ आरटीसी देवली द्वारा वहन किया गया। वहीं सफल बनाने में रूपनारायण और हेमराज सहित समिति सदस्यों का सहयोग रहा। मंच संचालन धर्मराज मीणा और राजेंद्र मीणा ने किया। समापन पर राष्ट्रगान हुआ।



