-
बेटी-भांजी सहित तीन जने घायल
-
बहन से मिलने जा रहे थे व्यवसायी
Deoli News 26 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के गौरव पथ स्थित रावणा राजपूत धर्मशाला के सामने निवासी 50 वर्षीय नंदकिशोर पुत्र पदमचंद जैन (मूल निवासी कवरजी का कालेड़ा) की रविवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई।
हादसे में मृतक की पुत्री इशिका, भांजी इशिता पुत्री सुनील कुमार जैन निवासी जूनिया तथा बाजटा निवासी गोपाल कुमावत घायल हो गए। घायलों को केकड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गोपाल कुमावत का उपचार जारी है, जबकि दोनों बालिकाओं का प्राथमिक उपचार किया गया। परिजनों के अनुसार नंदकिशोर जैन रविवार सुबह अपनी ईऑन कार से लावा में रहने वाली अपनी बहन से मिलने जा रहे थे। उनके साथ पुत्री इशिका, भांजी इशिता तथा गोपाल कुमावत भी कार में सवार थे। केकड़ी-जूनिया-मालपुरा मार्ग पर मोर थाना क्षेत्र के हरपुरा चौराहे के समीप उनकी कार की सामने से आ रही एक स्विफ्ट कार से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि नंदकिशोर जैन की मौत हो गई। पोस्टमार्टम में उनके सीने पर गंभीर चोटें पाई गईं, जिससे स्पष्ट हुआ कि दुर्घटना के समय वाहन वही चला रहे थे।
हादसे में गोपाल कुमावत को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि इशिका और इशिता को मामूली चोटें आईं। बताया गया कि गोपाल कुमावत वास्तु शास्त्र के जानकार हैं और नंदकिशोर जैन के साथ लावा जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही देवली शहर में सूचना दौड़ गई। बड़ी संख्या में परिचित, परिजनों के घर पहुंचे। मामले में मृतक के भाई नोरत जैन ने मोर थाना में दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया गया कि मृतक प्रॉपर्टी का व्यवसाय भी करते थे



