-
परिजनों ने लगाया क्रेन चालक पर लापरवाही का आरोप
-
युवक के दुर्भाग्य ने बनाया उसे काल का ग्रास
-
नई कृषि उपज मंडी के समीप हुआ हादसा
Deoli News 16 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राष्ट्रीय राजमार्ग कुचलवाड़ा बाईपास स्थित कृषि उपज मंडी के समीप सोमवार सुबह करीब 11 बजे करंट की चपेट में आकर एक 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ। जब उक्त युवक केबिन खरीद कर उसे ले जाने की तैयारी कर रहा था।
हनुमान नगर पुलिस की जानकारी के मुताबिक मृतक रामसिंह पुत्र सोहन कीर निवासी कीर मोहल्ला देवली है, जो कि खेतीबाड़ी का काम करता है। वही रामसिंह चिंताहरण बालाजी के करीब सब्जी का ठेला लगाता है। रामसिंह ने सोमवार को कृषि उपज मंडी के करीब से किसी व्यक्ति से एक केबिन खरीदी। जिसका सौदा करने के बाद वह उसे क्रेन के जरिए उठाकर अपने इच्छित स्थान पर ले जा रहा था। पुलिस के अनुसार इस दौरान उक्त केबिन ऊपर से गुजरी बिजली के तारों से संपर्क में आ गई और इससे करंट प्रवाहित हो गया। रामसिंह इससे झुलस गया। वहीं अचेत होकर गिर पड़ा। यह देखकर आसपास के लोग पहुंचे। जिन्होंने परिजनों को जानकारी दी।
वही देवली चिकित्सालय लाए। जहां चिकित्सकों ने जांच किए जाने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। लेकिन परिजनों का मन नहीं माना। वह रामसिंह को तत्काल निजी अस्पताल में भी लेकर गए। लेकिन वहां भी उन्हें यही जवाब मिला। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र व भतीजे बुरी तरह रो पड़े। इस दौरान परिजनों ने क्रेन चालक पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। सहायक उप निरीक्षक हनुमान नगर के अनुसार मृतक के भाई इंद्रप्रकाश ने क्रेन चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया। जिसकी लापरवाही की वजह से उनके भाई की मौत हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। बताया गया कि मृतक के दो पुत्री व दो पुत्र है।



