नामांकन भरने, जांच, वापस लेने और मतदान की तिथि घोषित
Deoli News 15 सितम्बर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका चुनाव में पार्षदों के परिणाम घोषित होने के बाद अब देवली नगर पालिका के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने निकाय प्रमुखों के चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है।

रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय देवली की सूचना के अनुसार इसके तहत देवली नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। यह चुनाव नगर पालिका सभागार में होगा और मतदान के बाद मतगणना की जाकर अध्यक्ष की घोषणा होगी। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए 15 से 16 सितंबर को सुबह 10:30 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। वहीं 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 18 सितंबर अपरान्ह 3 बजे तक नाम वापसी की जा सकेगी। इसके बाद 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। वहीं इसके बाद मतगणना भी होगी। अध्यक्ष पद के चुनाव में नव निर्वाचित पार्षद मतदान करेंगे।
देवली में अब अध्यक्ष पद को लेकर सियासी हलचल तेज
नगर पालिका के 35 वार्डों के चुनाव परिणाम सामने आने के बाद अब सभी की नजरें बोर्ड अध्यक्ष पद पर टिक गई हैं। भाजपा ने नगर पालिका में बहुमत हासिल किया है, ऐसे में अध्यक्ष पद के लिए पार्टी के भीतर दावेदारों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। वहीं निर्दलीय व भाजपा पार्षदों की बड़ी संख्या में जीत ने अध्यक्ष चुनाव के समीकरणों को भी चर्चा में ला दिया है। खासकर वार्ड 29 के निर्दलीय प्रत्याशी मुकेश कुमार के भाजपा में शामिल होने से चर्चा जोरों पर है। लेकिन जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार ने यह समर्थन बीजेपी को बिना शर्त के दिया है।



