81,800 हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित
Deoli News 10 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बीसलपुर बांध से सिंचित क्षेत्रों के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। बुधवार शाम 5:15 बजे पूजा-अर्चना के बाद बांध की दोनों नहरों में सिंचाई के लिए पानी छोड़ दिया गया है।

इस निर्णय से कुल 81 हजार 800 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा। इससे पूर्व, बुधवार दोपहर को जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल की अध्यक्षता में जल वितरण समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें यह निर्णय लिया गया। घोषित कार्यक्रम के अनुसार, ये नहरें आगामी 15 मार्च तक खुली रहेंगी। इधर, शाम 5:15 बजे सहायक अभियंता दिनेश कुमार बैरवा, जगदीश मीणा, कनिष्ठ अभियंता चेतन मीणा, रिंकी मीणा और किसान नेता रतन शिवराज गुर्जर सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बाद नहर में पानी प्रवाहित किया गया, जो तत्काल ही नहरों में दौड़ने लगा। परियोजना विभाग ने पानी छोड़ने से पहले नहरों की साफ-सफाई का कार्य पूरा कर लिया था।
पानी वितरण की स्थिति :
* इस बार बांध के गेटों से 140.821 टीएमसी पानी नदी में छोड़ा गया है।
* बांध की मुख्य नहरों में 51.6 किलोमीटर लंबी दाईं नहर और 18.65 किलोमीटर लंबी बाईं नहर शामिल हैं, जिनकी वितरिकाओं की कुल लंबाई 750 किलोमीटर है।
बीसलपुर बांध का आखिरी गेट इससे पहले गत 4 दिसंबर को बंद किया गया था। इस देरी के बावजूद नहरों में पानी आने से किसानों में खुशी का माहौल है।


