Deoli News 19 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के पुराने अजमेर मार्ग स्थित बनास नदी की पुलिया पर सोमवार को हुए हादसे में मंगलवार शाम तक टीमों के हाथ आधे खाली रहे। दरअसल नदी में डूबे युवक शंकर नाथ का सुराग मंगलवार देर शाम तक नहीं लग पाया।
जबकि उसकी मां मनफूली देवी का शव मंगलवार सुबह ही बरामद कर लिया गया था। मृतक महिला के दूसरे पुत्र नंदानाथ द्वारा पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार उसकी मां मनफूली देवी नदी के किनारे पानी पीने के लिए उतरी थीं। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चली गईं। अपनी मां को डूबता देख बेटा शंकर नाथ उन्हें बचाने के लिए नदी में कूदा, लेकिन पानी का वेग और गहराई अधिक होने के कारण दोनों ही डूब गए। सोमवार शाम अंधेरा होने के कारण रोके गए सर्च ऑपरेशन को मंगलवार सुबह दोबारा शुरू किया गया। एसडीआरएफ अजमेर और सिविल डिफेंस टोंक की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 9:30 बजे महिला का शव ढूंढ निकाला। पुलिस ने राजकीय अस्पताल देवली में महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
हेड कांस्टेबल इमरान ने बताया कि युवक शंकर नाथ की तलाश के लिए गोताखोरों ने दिनभर अभियान चलाया, लेकिन शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस प्रशासन बुधवार सुबह पुनः सर्च ऑपरेशन शुरू करेगा।


