“मौसम के बदलते तेवर”
Deoli News 18 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर व आसपास के ग्रामीण अंचलों में बुधवार को मौसम का बदला हुआ मिजाज देखने को मिला। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुरूप सुबह से ही आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया।
जिससे दिनभर सूरज के तेवर नरम रहे। बुधवार शाम को अचानक हुई बूंदाबांदी ने सड़कों को भिगो दिया, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई। इससे पहले मंगलवार देर रात भी बादलों की गर्जना के साथ हल्की फुहारें गिरी थीं, जिसके चलते पिछले कई दिनों से लगातार बढ़ रहे तापमान पर ब्रेक लग गया है।
मौसम में आए इस अचानक बदलाव का सीधा असर जनजीवन और पहनावे पर दिखाई दिया। फरवरी के मध्य में बढ़ती गर्मी के कारण लोग जिन गर्म कपड़ों को रख चुके थे, वे बुधवार को फिर से बदन पर नजर आने लगे। शाम 5 बजे शहर का तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जिससे ठिठुरन महसूस हुई। ठंडी हवाओं के चलने से अधिकतम तापमान में आई गिरावट ने लोगों को स्वेटर और जैकेट निकालने पर मजबूर कर दिया। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव आंशिक है। गुरुवार से मौसम फिर साफ होने की उम्मीद है और धीरे-धीरे तापमान में पुनः बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग की सूचना के अनुसार अगले कुछ घंटे में या बुधवार को अजमेर, अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, जयपुर, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोर, टोंक में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने, ओले गिरने, बहुत तेज़ हवाएं और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।



