मंगलवार को घर से हुए थे लापता, बड़े पापा के यहां जाने के लिए हुए थे रवाना
Deoli News 27 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर की ज्योति कॉलोनी से मंगलवार दोपहर घर से बिन बताए लापता हुए दो नाबालिग बच्चों का हनुमान नगर पुलिस ने महज 24 घण्टे में पता लगा लिया है। साथ ही बच्चों को दस्तयाब कर उन्हें माता-पिता को सौंप दिया है।
हनुमान नगर थाना प्रभारी अयूब खा के अनुसार मंगलवार को रामसिंह पुत्र सोहनलाल मीणा निवासी ज्योति कॉलोनी ने हनुमान नगर थाने में बताया कि उनके पुत्र अभिषेक (14) और कार्तिक (10) घर से बिना बताए कहीं चले गए हैं। वही तलाश करने पर भी पता नहीं लग रहा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ऑपरेशन खुशी के तहत जांच शुरू की। इस दौरान देवली बस स्टैंड स्थित सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि दोनों बच्चे होली के त्यौहार की वजह से अपने बड़े पिताजी के यहां जाने के लिए बस में बैठ गए। बच्चों को जहाजपुर जाना था। लेकिन भीड़ अधिक होने के चलते वे जहाजपुर नहीं उतर सके तथा गफलत में भीलवाड़ा पहुंच गए।
इन बालकों को भीलवाड़ा पुलिस की मदद से दस्तयाब कर माता-पिता को सुपुर्द कर दिया है। बच्चों का पता लगाने में सहायक उप निरीक्षक महेंद्र सिंह, पुलिसकर्मी मनीष, लालाराम व भगत सिंह का सहयोग रहा है।


