Desk News 18 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) लोकसभा आम चुनाव के दौरान मतदान का प्रतिशत बढाने के उद्देश्य को लेकर सोमवार को 21 विभागीय कन्वर्जेंस कमेटी की बैठक सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप प्रतिष्ठा पिलानिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में सीईओ ने कहा कि जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए सभी वर्गों को जागरूक करने के प्रयास किए जाए। जिले में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में मतदाता जागरूकता के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाए। प्रयास रहना चाहिए कि मतदाता सूची में पंजीकृत मतदाता मतदान दिवस के दिन शत प्रतिशत घरों से निकलें और मतदान करें। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार स्वीप गतिविधियां संचालित करनी होंगी। जिन 21 विभागों को जिम्मेदारी दी गई है, उसकी पूरी पालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वीप गतिविधियों में रैलियां, विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं डिजीटल माध्यमों से मतदान जागरूकता का वातावरण तैयार करना है।
जिससे अधिकतम घरों से मतदाता निकलकर मतदान करें। आमजन एवं मतदाताओं को ई-केवाईसी, सक्षम, सी-विजिल, वीएचए सहित आयोग के विभिन्न एप्स और टोल फ्री नं 1950 की जानकारी दी जाए। उन्होंने 21 विभागीय कन्वर्जेंस कमेटी में शामिल सभी विभागीय अधिकारियों को अधिकाधिक स्वीप गतिविधियां आयोजित करने और मतदाताओं को जागरूक करने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




