Deoli News 24 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र गुर्जर की जीत के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ समेत नेताओं ने स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं व नेताओं को बधाई दी। दरअसल मतगणना स्थल टोंक से रवाना होकर भाजपा नेता कोटा रोड स्थित होटल राजभवर में एकत्र हुए।
जहां भाजपा मंडल अध्यक्ष देवली राजेंद्र सिंह राणावत की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं व नेताओं ने खुशी व्यक्त की। इस दौरान मंडल अध्यक्ष राणावत ने सभी कार्यकर्ताओं पर पुष्प वर्षा की ओर बधाई दी। मंडल अध्यक्ष ने बताया कि इस दौरान पालिकाध्यक्ष नेमीचंद जैन समेत नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। उन्होंने बताया कि वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल राठौड़, सांसद दामोदर अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, हीरालाल नागर समेत ने उन्हें फोन पर बधाई दी है और उत्साहवर्धन किया। साथ ही सभी भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना की। उल्लेखनीय है कि देवली शहर से भाजपा को 4800 से अधिक वोटो की लीड मिली है।
भाजपा कार्यकर्ता 5 साल बाद कराएगा कटिंग और सेविंग
भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र गुर्जर के समर्थन एवं सिरोही निवासी विनोद माहुर करीब 5 साल के लंबे अंतराल के बाद कटिंग सेविंग कराएंगे। माहुर ने बताया कि वर्ष 2019 में गुर्जर सिरोही स्थित एक बैठक में शामिल होने आए थे। इस दौरान उन्होंने संकल्प लिया कि जब तक गुर्जर पुनः विधायक नहीं बनेंगे, तब तक वह हेयर कटिंग और सेविंग नहीं करेंगे। यह संकल्प शनिवार को पूरा हुआ।
लिहाजा गुर्जर समर्थक माहुर अब अपना संकल्प पूरा करेंगे। माहुर ने बताया कि जब भी विधायक गुर्जर सिरोही स्थित देहलवाल महाराज मंदिर परिसर में आएंगे। तब वह अपना संकल्प पूरा करेंगे। उन्होंने बताया कि उनके गांव में स्थित बूथ नं 56 पर सर्वाधिक बीजेपी को 521 वोट मिले हैं।


