Desk News 24 अप्रेल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) लोकसभा चुनाव के लिए 26 अप्रैल को होने वाले मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मतदान दलों को दिए जाने वाले तृतीय प्रशिक्षण एवं मतदान केंद्रों पर रवानगी को लेकर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। गुरुवार को सुबह 6ः30 बजे से विधानसभा क्षेत्र देवली-उनियारा एवं मालपुरा के मतदान दलों को तृतीय प्रशिक्षण के बाद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय टोंक से मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। वहीं सुबह 10 बजे विधानसभा क्षेत्र निवाई एवं टोंक के मतदान दल गंतव्य स्थल के लिए रवाना होंगे। तृतीय प्रशिक्षण के दौरान ईवीएम व अन्य आवश्यक मतदान से संबंधित सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके अतिरिक्त मतदान दलों के कार्मिकों के लिए पर्याप्त चिकित्सा एवं भोजन की व्यवस्था भी की गई है। 26 अप्रैल को 1134 पोलिंग बूथों पर मतदान कराने के लिए 5 हजार 256 मतदान कर्मियों को नियुक्त किया गया है।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए हैं आदर्श मतदान केंद्र
जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 1134 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें से चारों विधानसभा क्षेत्र में 32 मतदान केंद्र महिलाओं द्वारा, 4 मतदान केंद्र दिव्यांगजनों द्वारा संचालित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक आदर्श मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं।

एरिया व सेक्टर मजिस्ट्रेट रखेंगे निगरानी
जिले में लोकसभा चुनाव-2024 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने के लिए 52 माइक्रो ऑब्जर्वर, 114 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 12 एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। वेबकास्टिंग 567 पोलिंग बूथों पर की जाएगी।
संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर रहेगी विशेष नजर, सुरक्षा की रहेगी पूरी व्यवस्था
जिले के चिन्हित 291 संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की दृष्टि से सीएपीएफ की टीम के साथ-साथ पर्याप्त पुलिस जाप्ते की व्यवस्था की गई है। मतदान दलों के परिवहन के लिए रहेगी वाहनों की पर्याप्त व्यवस्था मतदान दलों के प्रशिक्षण के बाद परिवहन की सुविधा दबने के लिए बसों, मिनी बसों एवं अन्य वाहनों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।



