Deoli News 27 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) मौसम विभाग की पूर्व सूचना के मुताबिक शुक्रवार को देवली शहर व आसपास के इलाकों में बारिश हुई। वही देवली में हुई मध्यम गति की बारिश से तेज ठंड बढ़ गई। ऐसे में ठंडे मौसम का असर बाजारों पर भी पड़ा है। शुक्रवार को ग्राहकी कम रही।
कड़ाके की ठंड के चलते लोग गर्म कपड़ों से लिपटे रहे। चाय की दुकानों पर भीड़ दिख रही। वही शहर में कचोरी, पकौड़ी व भुट्टो की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। तेज ठंड के साथ ही देवली बस स्टैंड में पकौड़ी के ठेलों पर ग्राहकी बढ़ गई है। हर कोई तेज ठंड के बीच गरमा गरम पकौड़ी व कचोरी का लुत्फ उठाना चाह रहा है। खासकर बस स्टैंड परिसर में लगने वाले दाल की पकौड़ी के ठेलों पर भीड़ है। इसी प्रकार कई घरों में भी पकौड़ी बनाई जा रही है। शहर के मुख्य बाजार पर भी भुट्टे बिक रहे हैं। वही शाम 5 के करीब शहर व आसपास के क्षेत्र में कोहरा छाने लगा है। यह कोहरा शहर के मुख्य बाजार व आसमान में स्पष्ट तौर पर दिखाई दे रहा है। लिहाजा उम्मीद है कि शनिवार सुबह मौसम में कोहरा छाए रह सकता है। वही तापमान में गिरावट होने से सर्दी और अधिक बढ़ गई। शहर में शाम करीब 4 हुई तेज बारिश से चर्च रोड पर पानी भर गया। शुक्रवार को एक बार भी सूर्यनारायण के दर्शन नहीं हुए।



