Deoli News 23 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आगामी लोकसभा चुनाव के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित रहे लोग 25 मार्च तक अपना नाम जुड़वा सकेंगे। इसे लेकर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी देवली-उनियारा ने सूचना जारी की है।
इसमें बताया कि 26 अप्रैल को लोकसभा क्षेत्र टोंक सवाईमाधोपुर में चुनाव होने हैं। जिस व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज होगा। वही व्यक्ति अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेगा। मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 6 जनवरी को हो चुका है। वही 6 से 22 जनवरी तक नाम जोड़ने के लिए आवेदन पत्र निस्तारित किए जा चुके हैं। देवली उनियारा विधानसभा क्षेत्र से 5 हजार नए मतदाताओं को जोड़ा जा चुका है। वही नए नाम जुड़वाने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि 25 मार्च तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया जारी रहेगी। एक अप्रैल 2024 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवक युवती मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं। इसके लिए जन्म प्रमाण पत्र का दस्तावेज (अंक तालिका, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड तथा मूल निवास प्रमाण पत्र) आदि में से एक दस्तावेज लाना होगा। वही कोई व्यक्ति मतदान केंद्र पर जाने में असमर्थ हो तो वह मोबाइल के प्ले स्टोर से वोटर हेल्पलाइन एप डाउनलोड कर हेल्पलाइन एप से फार्म सं 6 भरकर अपना नाम वोटर लिस्ट में पंजीकृत करने के लिए आवेदन कर सकते है।
इसके अलावा बीएलओ से संपर्क कर भी नाम जुड़वाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में 25 मार्च से पूर्व आवेदन ही लिए जाएंगे। इसके बाद आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।


