भारत निर्वाचन आयोग ने की मतगणना तैयारियों की समीक्षा
State News 27 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मतगणना की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने राज्य के सभी 25 लोकसभा क्षेत्रों और बागीदौरा विधान क्षेत्र में हुए उपचुनाव के लिए 4 जून को होने वाली मतगणना के संबंध में मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और मतगणना कार्य के लिए आवश्यक संसाधनों की समुचित आपूर्ति पर संतोष व्यक्त किया। बैठक में निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार एवं डॉ. सुखबीर सिंह संधू ने कहा कि मतदान की तरह मतगणना के दौरान भी भारत निर्वाचन आयोग के सभी दिशा निर्देशों की पालना करनी है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बैठक में बताया कि भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशों के अनुसार राजस्थान में मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पर्याप्त संख्या में मतगणना कार्मिकों की उपलब्धता सुनिश्चित कर उनको प्रशिक्षित किया जा चुका है। गुप्ता ने बताया कि मतों की गिनती की प्रक्रिया और मतगणना केंद्र की व्यवस्था के बारे में शनिवार को राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की गई है। राजनैतिक दलों से अपने-अपने काउंटिंग एजेंट्स की सूचियां 31 मई तक संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय में आवश्यक रूप से देने को कहा गया है।

3550 माइक्रो ऑब्जर्वर व 1200 एआरओ नियुक्त
मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने बताया कि ईवीएम की मतगणना टेबल पर काउंटिंग सुपरवाईजर, काउंटिंग असिस्टेंट, काउंटिंग स्टाफ तथा एक माइक्रो ऑब्जर्वर रहेंगे। इसी प्रकार, पोस्टल बैलेट की गणना टेबल पर एक सहायक रिटर्निंग अधिकारी, एक काउंटिंग सुपरवाईजर, दो काउंटिंग असिस्टेंट तथा एक माइक्रो ऑब्जर्वर मौजूद रहेंगे। मतगणना टेबल पर अभ्यर्थी के काउंटिंग एजेंट भी रहेंगे। मतगणना टेबल्स के लिए करीब 3550 माइक्रो ऑब्जर्वर और 1200 से अधिक सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) नियुक्त किए गए हैं। सभी रिटर्निंग अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को 17 मई को राज्य स्तरीय पर और 24 मई को जिला स्तर पर प्रशिक्षण दिया जा चुका है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कुल 56 मतगणना पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।
मतगणना प्रक्रिया की 360 डिग्री वीडियोग्राफी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस आयुक्त एवं पुलिस अधीक्षकों को मतगणना केंद्र में सुरक्षा मापदंडों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। मतगणना के दिन को पूरे राज्य में सूखा दिवस घोषित किया गया है। मतगणना से पहले सभी सीयू, वीवीपैट मशीनों और संबंधित दस्तावेजों को स्ट्रॉन्ग रूम से लेकर काउंटिंग हॉल तक लाने और मतगणना पश्चात वापस स्ट्रॉन्ग रूम तक ले जाने की कार्यवाही की निर्बाध सीसीटीवी कवरेज सुनिश्चित की जाए। इस अवधि की सीसीटीवी कवरेज उम्मीदवार अथवा उनके एजेंट मतगणना हॉल में टीवी, मॉनिटर पर देख सकेंगे। काउंटिंग हॉल में संपूर्ण मतगणना प्रक्रिया की 360 डिग्री सीसीटीवी कैमरा या वीडियोग्राफी से मय दिनांक और समय की मोहर के साथ कवरेज की जाएगी।
सबसे कम 20 और सर्वाधिक 28 राउंड की मतगणना
मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने बताया कि राज्य के 25 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 29 केंद्रों पर मतगणना होगी। जोधपुर लोकसभा क्षेत्र, नागौर लोकसभा क्षेत्र, करौली- धौलपुर लोकसभा क्षेत्र एवं गंगानगर लोकसभा क्षेत्र में दो-दो मतगणना केंद्र होंगे। प्रदेश में 53,128 मतदान केंद्रों पर हुए मतदान की मतगणना के लिए कुल 235 कक्ष होंगे। पोस्टल बैलट से डाले गए मतों की गणना के लिए 62 कक्ष होंगे। ईवीएम के मतों की गणना के लिए 2,713 टेबल्स और पोस्टल बैलेट एवं ईटीबीपीएस से डाले गए मतों की गणना के लिए 790 टेबल्स लगाई जाएंगी। विधानसभा क्षेत्रवार सबसे कम 10 और सर्वाधिक 20 टेबल्स लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि सभी 25 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतगणना कुल 4,033 राउंड में होगी।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों को देखें तो, 13 से 28 राउंड की मतगणना होगी। जोधपुर लोकसभा क्षेत्र के जोधपुर विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 13 राउंड और राजसमंद लोकसभा क्षेत्र के मेड़ता विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 28 राउंड की मतगणना होगी। लोकसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार, सबसे कम 20 राउंड टोंक-सवाईमाधोपुर और सबसे अधिक 28 राउंड राजसमंद लोकसभा क्षेत्र में होंगे। गंगानगर, बीकानेर, सीकर, जयपुर, अलवर, भरतपुर, दोसा व अलवर में 21-21 राउंड, चूरू, जयपुर ग्रामीण, नागोर में 22-22 राउंड, करोली-धौलपुर, पाली, बाड़मेर में 23-23 राउंड, झुंझुनूं में 26 राउंड, जोधपुर, कोटा में 24 राउंड, जालोर में 25 राउंड, राजसमन्द में 28 राउंड, बांसवाड़ा में 27 राउंड, झालावाड़- बारां में 26 राउंड में मतगणना होगी।
3.72 लाख से अधिक पोस्टल बैलेट
गुप्ता ने बताया कि अब तक पोस्टल बैलेट के माध्यम से कुल 3,72,179 मत डाले गए हैं। होम वोटिंग के तहत 85 वर्ष से अधिक वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग तथा आवश्यक सेवाओं से जुड़े मतदाताओं द्वार कुल 75,554 और चुनाव ड्यूटी में कार्यरत कार्मिकों द्वारा कुल 2,26,470 मत डाले गए हैं। साथ ही, 26 मई तक कुल 70,155 सेवा मतदाताओं के इलेक्ट्रॉनिकली पोस्टल बैलेट प्राप्त हुए हैं।
ईटीपीबीएमएस की प्री-काउंटिंग के लिए 469 टेबल्स
गुप्ता ने बताया की भारत सेवा मतदाता निर्वाचन आयोग के इलेक्ट्रॉनिकली ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलेट मैनेजमेंट सिस्टम (इटीपीबीएमएस) के द्वारा मतदान कर रहे हैं। अब तक 70 हजार से अधिक मत डाले गए हैं। 4 जून को सुबह 8 बजे से पहले संबंधित आरओ को प्राप्त होने वाले ईटीबीपी को मतगणना में शामिल किया जा सकेगा। ईटीपीबीएमएस की प्री-काउंटिंग के लिए 35 कक्ष बनाए गए हैं और 469 टेबल्स लगाई जाएंगी। झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र के लिए सर्वाधिक 84, अलवर के लिए 56, सीकर के लिए 53 और जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र के लिए 48 टेबल्स लगाई जाएंगी।




