Desk New 15 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) मौजूदा प्रदेश सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर 17 दिसंबर को ग्राम दादिया जयपुर में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है। समारोह में बूंदी, कोटा, बारां, चित्तौड़गढ़, गंगापुर सिटी जिले के लाभार्थी बसों द्वारा यात्रा कर समारोह स्थल पर पहुंचेंगे।
टोंक जिले में इन जिलों के लिए लाभार्थियों की बसों के ठहराव के चिन्हित स्थलों का रविवार को जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा और पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने निरीक्षण किया।उन्होंने पेयजल, चाय, नाश्ता, गर्म पानी, अलाव, विद्युत व्यवस्था, पब्लिक अनाउंस सिस्टम, बसों की पार्किंग समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियो को निर्देश दिए। उन्होंने उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, नगर परिषद आयुक्त समेत अन्य अधिकारियों को लाभार्थियों के सुगम ठहराव एवं सुरक्षित रवानगी व वापसी के दायित्वों का कुशलता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
पेट्रोल एवं डीजल का स्टॉक रिजर्व रखने के निर्देश
जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने राज्य स्तरीय समारोह में भाग लेने वाले आमजन एवं लाभार्थियों को लेकर जाने वाले नियोजित वाहनों के ईंधन के लिए जिले के पेट्रोल पंप संचालकों को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत पेट्रोल एवं डीजल का स्टॉक 16 से 18 दिसंबर तक रिजर्व रखने के निर्देश दिए है। कलक्टर ने आदेश दिए है कि सभी पेट्रोल पंप संचालक एक हजार लीटर पेट्रोल, 2500 लीटर डीजल एवं 200 लीटर ऑयल का स्टॉक (डेड स्टॉक के अतिरिक्त) रिजर्व रखेंगे। समारोह में लगे वाहनों में परिवहन विभाग द्वारा जारी पीओएल कूपनों के अनुसार आपूर्ति देना सुनिश्चित करेंगे। आदेश की अवहेलना करने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध माना जाएगा।



