Deoli News 8 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजस्थान शिक्षा सेवा परिषद ने सोमवार को मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के नाम देवली उपखंड अधिकारी देवली को 22 सूत्रीय मांग-पत्र सौंपा है।
परिषद ने शिक्षा विभाग में प्रशासनिक एवं शैक्षिक सुधारों की आवश्यकता पर बल देते हुए जिला शिक्षा अधिकारी, उपनिदेशक एवं संयुक्त निदेशक स्तर के पदों में वृद्धि, लंबित डीपीसी को शीघ्र पूरा करने तथा प्रधानाचार्यों के लिए नए पदोन्नति अवसर सृजित करने की मांग की है। ज्ञापन में प्रधानाचार्यों के बढ़ते प्रशासनिक भार के अनुरूप वेतनमान एवं विशेष भत्ता देने, नवगठित जिलों में कार्यालय खोलने, रिक्त पदों को भरने और शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने का आग्रह किया गया है।
साथ ही विद्यालयों में एनजीओ के अनावश्यक हस्तक्षेप पर रोक लगाने और बजट आवंटन समय पर निश्चित करने की मांग भी रखी गई है। इस दौरान रेसा देवली ब्लॉक अध्यक्ष कृष्णगोपाल माली, प्रदेश सह मंत्री राजीव शर्मा, मंत्री महेश खटाना, दिनेश सिंह नरूका, अशोक चौधरी, राकेश मीणा, प्रहलाद गुर्जर एवं उर्मिला मीणा सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।



