Deoli News 11 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) कृषि विज्ञान केंद्र वनस्थली विद्यापीठ की ओर से भारत सरकार के सहयोग व कृषि विभाग राजस्थान के विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत बुधवार को ग्राम पंचायत चांदली में एक कृषक जागरूकता कार्यक्रम हुआ।
इसमें खरीफ फसलों की बुवाई में उपचार और कीटों के प्रबंधन के बारे में जानकारी दी गई। यहां डॉ. प्रीति वर्मा, गृह विज्ञान वैज्ञानिक ने पोषण वाटिका और प्राकृतिक खेती के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. संदीप कुमार चौधरी पौध संरक्षण वैज्ञानिक ने विभिन्न फसलों में लगने वाले कीटों और व्याधियों के उपचार और बचाव की जानकारी दी। इसी तरह डॉ. अमीना मीणा, कृषि अधिकारी दूनी ने कृषि विभाग की विभिन्न सब्सिडी योजनाओं के बारे में बताया, जिनमें तारबंदी, फॉर्म पॉन्ड, कृषि यंत्र, पाइपलाइन, गोवर्धन जैविक इकाई और जैविक उर्वरक शामिल हैं।
तकनीकी सहायक रामनारायण गुर्जर ने कृषि नवाचार की जानकारी दी। वहीं सहायक कृषि अधिकारी निवारिया शंकर सोयल ने खरीफ फसलें, ग्रीष्मकालीन गहरी जुताई और बीजों के उपचार के महत्व पर प्रकाश डाला।


