जुलूस निकालकर ज्ञापन सौपा
Deoli News 9 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) अग्रवाल समाज के एक प्रमुख व्यक्ति की ओर से राजनीतिक रूप से पार्टी बदलने के बाद देवली में सोशल मीडिया फेसबुक पर की गई समाज के लिए टिप्पणी के विरोध में सोमवार को श्री अग्रवाल पंचायत संस्थान ने आक्रोश जताया है।
इस दौरान अग्रवाल समाज के दर्जनों लोग धर्मशाला में एकत्र हुए और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। जुलूस के रूप में अग्रवाल समाज यहां उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचा। जहां कार्यालय में समाज अध्यक्ष त्रिलोकचंद मंगल के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी के नाम ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में बताया कि ज्योति कॉलोनी देवली निवासी सुरेंद्र नामा ने अग्रवाल समाज पर टिप्पणी की है और समाज को स्वार्थपरक कहकर छवि खराब करने की कोशिश की है। राजनीति में एक व्यक्ति का पार्टी बदलना संभव है। जिस पर कोई भी समाज प्रतिबंध नहीं लग सकता और ना ही एक व्यक्ति की वजह से समाज को बदनाम किया जा सकता है। लेकिन उक्त व्यक्ति ने अग्रवाल समाज ही नहीं, बल्कि पूरे वैश्य समाज को गाली दी है। ज्ञापन में टिप्पणीकर्ता व्यक्ति पर कार्रवाई की मांग की एवं सजा दिलाने का आग्रह किया, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी भी समाज के लिए दूषित मानसिकता से ग्रसित होकर टिप्पणी नहीं करें। इसी तरह अग्रवाल समाज के लोगों ने देवली थाना प्रभारी को ज्ञापन सौपा है।



