-
बाहरी लोगों को छोड़ना होगा विधानसभा क्षेत्र
-
चुनाव प्रचार का शोर भी थमेगा
Deoli News 11 नवम्बर ( दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र में 13 नवम्बर को होने जा रहे उपचुनाव के तहत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सोमवार शाम 5 बजे से समूचे विधानसभा क्षेत्र में “साइलेंस पीरियड” लागू हो जाएगा। वहीं प्रचार का शोर भी आज शाम थम जाएगा।
प्रदेश की 7 विधानसभा सीटों में से देवली-उनियारा सीट सबसे हॉट सीट बन चुकी है, जिस पर पूरे प्रदेश की निगाहें गड़ी हुई है। बीते दिनों पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, सचिन पायलट, शांति धारीवाल, रघु शर्मा समेत कई बड़े नेताओं के दौरे व जनसभाएं हो चुकी है। वहीं भाजपा के पक्ष में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा, सतीश पूनिया, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रभुलाल सैनी समेत कई बड़े नेताओं की सभाएं व दौरे हो चुके है। हॉट सीट बने क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, मंत्री हीरालाल नागर तो इस सीट को भाजपा के पक्ष में लाने के लिए एड़ी तक का जोर लगा रहे है। इसके अलावा केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौत्तम समेत कई विधायकों, नेताओ की लंबी फ़ौज क़ई दिनों से क्षेत्र में वोट साधने की कोशिश में जुटी है।
नरेश मीणा ने बना दी ” हॉट सीट”
कांग्रेस की ओर से स्थानीय केसी मीणा को उम्मीदवार बना दिए जाने के बाद छबड़ा से आए निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा की और ताल ठोकने के बाद अब इस सीट पर मुकाबला रोचक बनता जा रहा है। रविवार रात नरेश मीणा के हजारों समर्थकों की ओर से देवली शहर में किए गए शक्ति प्रदर्शन के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। लोगों में चर्चा है कि नरेश मीणा भाजपा और कांग्रेस के लिए कड़ी चुनौती बनकर उभरे है। दरअसल नरेश के साथ सबसे ज्यादा युवा जुड़े हुए है, जिनकी उम्र 21 से 40 वर्ष की है। युवा मतदाताओं के जोश को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस बार इस सीट पर निर्दलीय नरेश मीणा कांग्रेस के केसी मीणा और भाजपा के राजेन्द्र गुर्जर के लिए मुसीबत बनकर उभरे है। हालांकि 12 नवम्बर तक का समय निर्णायक है। यदि मीणा मतदाताओं में मत विभाजन होता है तो ये हालत भाजपा के लिए फायदेमंद होगी और गुर्जर मतदाताओं में मत विभाजन हुआ तो बीजेपी प्रत्याशी को कड़े मुकाबले से जूझना होगा।
छोड़ना होगा बाहरी लोगों को क्षेत्र
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान से 48 घण्टे पूर्व देवली- उनियारा विधानसभा क्षेत्र में साइलेंस पीरियड लागू हो जाएगा। ये अवधि आज शाम 5 बजे से लागू हो जाएगा। ऐसी स्थिति में उपचुनाव क्षेत्र में चुनावी प्रचार, रणनीति बनाने, जनसम्पर्क के लिए बाहर से आए नेताओ, कार्यकर्ताओं जनप्रतिनिधियों को शाम 5 बजे से पहले ये क्षेत्र छोड़ना होगा। उधर प्रचार का शोर भी आज शाम 5 बजे थम जाएगा और प्रत्याशी व कार्यकर्ता मतदाताओं के दर पर पहुँच सकेंगे।



