पुलिस अधिकारियों ने की समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से बातचीत
Deoli News 29 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में हर वर्ष गोवर्धन पूजन की रात चल रही एक दूसरे पर आतिशबाजी फेंकने की गलत परंपरा की रोकथाम को लेकर मंगलवार को देवली डीएसपी रामसिंह व थाना प्रभारी राजकुमार नायक ने विभिन्न वर्ग व आयु के लोगों से बातचीत की और समझाया।
लोगों को समझने के उद्देश्य से शहर के तेली मोहल्ला स्थित धर्मशाला में एक बैठक हुई। जिसमें डीएसपी रामसिंह एवं थाना प्रभारी राजकुमार नायक ने लोगों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों की ओर से यह विकृति शुरू की गई है। मनोरंजन का यह रूप यह जानलेवा है। जिससे कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है। इस परंपरा से किसी का भला नहीं होने वाला है। पिछले कुछ वर्षों में भी इस तरह की अप्रिय घटनाएं हुई है। लिहाजा कोई भी गलत परंपरा चले तो उसे मिलकर रोकना बेहद जरूरी है। जिससे कि समाज को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हो। देवली डीएसपी एवं थाना प्रभारी ने इस परंपरा के दुष्परिणामों से लोगों को अवगत कराया। साथ ही हुड़दंग करने वाले लोगों पर किस तरह की कानूनी कार्रवाई हो सकती है, इसकी भी जानकारी दी। विशेष रूप से 18 से 24 वर्ष की आयु तक के बच्चों को चिन्हित कर समझाया गया। इसके अलावा आमजन से भी इस परंपरा को रोकथाम करने के सुझाव लिए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समझाने के बावजूद यदि ऐसे लोग नहीं मानते हैं तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। उल्लेखनीय है कि देवली में पहली बार पुलिस प्रशासन ने यह परंपरा रोकने के लिए अलग से बैठक आयोजित की। इससे पहले सीएलजी की बैठक में हर वर्ष यह मुद्दे उठे। लेकिन उक्त विषय पर गंभीरता नहीं बरती गई।


