Deoli News 12 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) गवर्नमेंट प्राथमिक स्कूल धांधोली, उच्च प्राथमिक स्कूल सिरोही, प्राथमिक स्कूल दौलता विद्यालयों में गुरुवार को रामराय मीना अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रथम देवली ने निरीक्षण किया। उन्होंने आंकलन आयोजन, प्रखर राजस्थान की प्रगति। स्वच्छता कार्यक्रम, एमडीएम रिकॉर्ड, वर्क बुक्स अभ्यास कार्य का निरीक्षण, होम वर्क एवं अन्य गतिविधियों का निरीक्षण करते हुए संबंधित विद्यालयों के संस्था को निर्देश दिए।
मानक क्लब प्रतियोगिता हुई
पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवली में भारतीय मानक ब्यूरो की जयपुर शाखा कार्यालय एवं स्कूल शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार मानक क्विज प्रतियोगिता हुई। मानक क्लब मेंटर राजेश मीणा व बलवीर सिंह मीणा ने विद्यार्थियों को क्विज प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में भारतीय मानकों हॉलमार्क, आईएसआई मार्क, एचयूआईडी संख्या की विस्तृत जानकारी दी। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता का समापन, विजेता का जुलूस निकाला
शहीद ओमप्रकाश परिहार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गाडोली में 68वीं जिला स्तरीय 17 व 19 वर्ष छात्र-छात्रा फुटबॉल खेलकूद प्रतियोगिता 2024-25 का समापन समारोह हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि प्रधान साहिबा कौशल शर्मा थी। अध्यक्षता अशोक मीणा सरपंच गाडोली ने की। विशिष्ट अतिथि रमेश मीणा गाडौली थे।
प्रधानाचार्य अनीता लाठी ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले में प्रथम स्थान पर 19 वर्षीय छात्र फुटबॉल टीम शहीद ओम प्रकाश परिहार गाडोली, 19 वर्षीय छात्रा टीम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कुराडिया, 17 वर्षीय छात्र टीम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अमरवासी एवं 17 वर्षीय छात्रा टीम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गाडोली रही। छात्र-छात्राओं के समस्त मैच बहुत रोमांचक थे। खिलाड़ियों ने सराहनीय प्रदर्शन किया। ग्रामवासियों ने विजेता टीमों को माला पहनाकर, जुलूस निकालकर अभिनंदन किया।


