सावर मार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा
Deoli News 30 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली के सावर मार्ग पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। मामले को लेकर मृतक युवक के चाचा ने हनुमान नगर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

शादी में जा रहा था युवक
मृतक युवक के चाचा महावीर मीणा निवासी संथली, थाना दूनी ने रिपोर्ट में बताया कि उनका भतीजा रूपेंद्र पुत्र रामावतार मीणा निवासी संथली अपने ममेरे भाई सुरेंद्र मीणा पुत्र राजकुमार मीणा निवासी ऊंचा, थाना हनुमान नगर के साथ किसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए सावर की ओर अपनी बाइक से जा रहा था। इस बीच रात करीब 10 बजे सावर मार्ग पर पीछे से आ रहे एक ट्रक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए रूपेंद्र की बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में रूपेंद्र और सुरेंद्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस 108 की मदद से देवली चिकित्सालय उपचार के लिए लाया गया, लेकिन यहां रूपेंद्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि सुरेंद्र घायल है। रूपेंद्र के कमर से नीचे का हिस्सा बुरी तरह कुचल गया था। हनुमान नगर पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वही शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।



