एक प्रत्याशी ऐसा भी, विधानसभा उपचुनाव
Deoli News 10 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आगामी 13 नवंबर को स्थानीय विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव होंगे। इसके लिए 8 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इनमें भाजपा और कांग्रेस के मजबूत कैंडिडेट भी सामने है।
इसके अलावा अन्य पार्टी एवं निर्दलीय प्रत्याशी भी पूरा दमखम दिखा रहे हैं। लेकिन इस चुनाव में खास बात यह है कि एक प्रत्याशी ऐसा भी है, जो अकेले ही अपना चुनाव प्रचार करने में जुटा है। जिसके साथ कोई लंबा चौड़ा तामझाम है और ना ही वाहनों का काफिला, लोगों की भीड़। बस निकल चुका है अपने प्रचार प्रसार के लिए। दरअसल यह प्रत्याशी जहाजपुर के कुम्हारों का मोहल्ला निवासी दिनेश कुमार प्रजापत पुत्र लाल प्रजापत है। जिन्होंने देवली उनियारा से चुनाव लड़ने के लिए आवेदन किया है। खास बात यह है कि यह प्रत्याशी पिछले कई दिनों से देवली शहर व आसपास के इलाके में अकेले ही अपना खुद का प्रचार कर रहा है। प्रजापत अपने साथ एक टेंपो लिए हैं और माइक की मदद से झोली फैलाकर लोगों से स्वयं के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। रोचक बात यह भी है कि दिनेश कुमार प्रजापत कुम्हार जाति से है।
वही उन्हें चुनाव चिन्ह भी मटका मिला है। जिसे लेकर वह चुनावी मैदान में कूद पड़े और लोगों से झोली फैलाकर मतदान करने की अपील कर रहे हैं। जहां एक ओर बीजेपी कांग्रेस समेत महत्वपूर्ण उम्मीदवार दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क कर रहे हैं। वही इधर दिनेश प्रजापत अकेले ही अपने चुनाव प्रचार में जुटे हैं। जिसे देखकर लोग चर्चा कर रहे है। अन्य प्रत्याशियों की भांति दिनेश प्रजापत को भी विश्वास है कि वह अच्छे वोट बटोर पाएंगे।



